Uttarakhandउत्तराखंडयूथशिक्षा

आईएचएम देहरादून में सिविल सेवा के नव नियुक्त अधिकारियों को सिखाए गए ‘डाइनिंग एटिकेट्स’

देहरादून। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों के प्रशिक्षण में प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ व्यवहारिक शिष्टाचार को भी महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा रहा है। इसी क्रम में इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाइड न्यूट्रिशन (आईएचएम), देहरादून की ओर से उत्तराखंड सिविल सेवा के अधिकारियों के लिए ‘डाइनिंग एटिकेट्स’ विषय पर व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

यह प्रशिक्षण उत्तराखंड सिविल सेवा परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित 16वें फाउंडेशन कोर्स के नव नियुक्त अधिकारियों के लिए आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को औपचारिक एवं सामाजिक अवसरों पर अपनाए जाने वाले शिष्टाचार और व्यवहार की जानकारी देना रहा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सेंटर फॉर ट्रेनिंग एंड रिसर्च इन फाइनेंशियल एडमिनिस्ट्रेशन, उत्तराखंड में आयोजित इस सत्र में अधिकारियों को भोजन के दौरान टेबल मैनर्स, कटलरी एवं क्रॉकरी के उचित उपयोग, बैठने की शिष्ट व्यवस्था, भोजन करने के तरीके तथा औपचारिक आयोजनों में व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
आईएचएम देहरादून के प्राचार्य मनीष सेमवाल ने प्रशिक्षण का संचालन करते हुए अपने अनुभवों और विशेषज्ञता के माध्यम से अधिकारियों को डाइनिंग एटिकेट्स, टेबल मैनर्स तथा औपचारिक एवं अनौपचारिक भोज के दौरान अपनाए जाने वाले उचित व्यवहार के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि डाइनिंग एटिकेट्स केवल टेबल मैनर्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व, सामाजिक जागरूकता और सार्वजनिक संस्थानों के प्रति उसकी पेशेवर प्रतिबद्धता का भी हिस्सा हैं। अधिकारियों को औपचारिक समारोह, राजकीय कार्यक्रमों, आधिकारिक बैठकों तथा विभिन्न व्यावसायिक आयोजनों में उचित शिष्टाचार एवं व्यवहार के महत्व से भी अवगत कराया गया। व्यावहारिक प्रदर्शन एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे वास्तविक परिस्थितियों में इन शिष्टाचार संबंधी पहलुओं को प्रभावी ढंग से अपना सकें। अधिकारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और व्यवहारिक बताते हुए इसे अपने पेशेवर जीवन में महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button