Uttarakhandउत्तराखंडदावादो टूक

अवैध निर्माणकर्ताओं पर एमडीडीए का शिकंजा, मैदान में उतरे उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया है। सोमवार को एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी स्वयं पछवादून क्षेत्र में निरीक्षण के लिए पहुंचे और निर्माण गतिविधियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने क्षेत्र में प्राप्त अवैध निर्माण, अवैध प्लॉटिंग और विकास संबंधी शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई और लंबित मामलों की जानकारी ली। साथ ही स्वीकृत मानचित्रों के आधार पर निर्माणाधीन भवनों का भौतिक सत्यापन कराया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्माण कार्य स्वीकृत नक्शों के अनुरूप ही हो रहा है। निरीक्षण के दौरान जहां भी निर्माण गतिविधियां विकास प्राधिकरण के नियमों या स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए का उद्देश्य केवल अवैध निर्माणों को रोकना नहीं, बल्कि सुनियोजित और व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें और प्राधिकरण के नियमों का पालन करें। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है और सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्माण गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता समेत प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button