Uttarakhandउत्तराखंडएमडीडीएदावा

पित्थुवाला खुर्द में अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का बुलडोजर, एक बीघा भूमि पर विकसित हो रही कॉलोनी ध्वस्त

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग एवं अनधिकृत भूमि विकास के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को सिमला बाईपास स्थित पित्थुवाला खुर्द क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग एक बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के अनुसार पित्थुवाला खुर्द में सुभाष कश्यप द्वारा बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और स्वीकृत ले-आउट के भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण एवं जांच के दौरान भूमि विकास कार्य नियमों के विपरीत पाए जाने पर एमडीडीए ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। एमडीडीए अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग, कॉलोनी विकास अथवा निर्माण गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध विकास गतिविधियां शहरी नियोजन को प्रभावित करने के साथ ही भविष्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास में भी बाधा उत्पन्न करती हैं। इसी को देखते हुए प्राधिकरण लगातार निगरानी और प्रवर्तन की कार्रवाई कर रहा है।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेष राणा तथा प्राधिकरण के सुपरवाइजर मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को नियमों की अनदेखी कर भूमि विकास करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भूखंड या संपत्ति में निवेश से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और प्राधिकरण से संबंधित स्वीकृतियों की जांच अवश्य कर लें। वहीं, एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संपत्ति में निवेश से पूर्व उसकी वैधता सुनिश्चित करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button