उत्तराखंडजागरूकता

तपोवन विष्णुगाड परियोजना में हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रमों का शुभारंभ

देहरादून। तपोवन विष्णुगाड हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में 14 सितंबर को हिंदी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर हिंदी पखवाड़े का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक (हाइड्रो) अजय कुमार शुक्ला ने अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी के संदेश के वाचन के साथ किया। इसके बाद हिंदी दिवस की ऐतिहासिक एवं संवैधानिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। हिंदी देश की विविध भाषाओं, संस्कृतियों और क्षेत्रों को आपस में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश के विकास और व्यापक स्तर पर संवाद के लिए अपनी भाषा के विकास तथा उसके अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है।
इसके साथ ही परियोजना में हिंदी पखवाड़े की औपचारिक शुरुआत हुई। पखवाड़े के प्रथम दिन हिंदी भाषा ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें परियोजना के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सिविल) परेश, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) सुगाता दासगुप्ता सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button