राजकीय महाविद्यालय रिखणीखाल में उत्साहपूर्वक मनाया गया हिन्दी दिवस

देहरादून। राजकीय महाविद्यालय रिखणीखाल में आज हिन्दी दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज उप्रेती ने की।
इस अवसर पर हिन्दी विभाग द्वारा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में अनामिका, रश्मि रावत एवं काजल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कपिल थपलियाल द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “हिन्दी केवल भाषा मात्र नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और अस्मिता की पहचान है।” उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं इसके समृद्ध साहित्य से जुड़ने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज उप्रेती ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि “हिन्दी भारत की आत्मा है।” उन्होंने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को हिन्दी के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं के विकास एवं सम्मान के लिए भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने भाषा को हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इसके संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
