चार दिन में 1.24 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन, व्यवस्थाओं के बीच सुचारू चल रही यात्रा

देहरादून। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 में इस वर्ष श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद मात्र चार दिनों के भीतर ही 1,24,782 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यह आंकड़ा न केवल श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाता है, बल्कि जिला प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं की सफलता को भी प्रमाणित करता है।
यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड, पैदल ट्रैक मार्ग और संभावित यातायात प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासनिक बल की तैनाती की गई है। वहीं, कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरी यात्रा पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा पिछले चार दिनों से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है और सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हैं। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी टीमें पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भैरवनाथ मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ धाम में सांयकालीन आरती का शुभारंभ हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं को अतिरिक्त आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो रहा है।
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि वर्तमान में धाम में व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू हैं और हर श्रद्धालु को दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कुछ अराजक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों को निंदनीय बताया। केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने कहा कि बीकेटीसी और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय से अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निश्चिंत होकर धाम की यात्रा करें, क्योंकि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर में दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन हो रहे हैं। वहीं, केदार सभा के सदस्य संजय तिवारी ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि शासन, प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से ठहरने, भोजन और दर्शन की बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला प्रशासन, बदरी-केदार मंदिर समिति एवं केदार सभा द्वारा यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए हर स्तर पर लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
