उत्तरकाशी की बेटी प्रकृति नेगी का डीएसपी चयन पर हुआ नागरिक अभिनंदन

देहरादून। होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी एवं अनघा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित उत्तरकाशी की बेटी प्रकृति नेगी का नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
जिला सभागार में संपन्न समारोह के मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रकृति नेगी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रकृति नेगी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और छात्र-छात्राओं को उनसे प्रेरणा लेकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए समर्पित भाव से अध्ययन करना चाहिए। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रकृति नेगी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जीवन में नई ऊंचाइयों को हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह मटूड़ा ने प्रकृति नेगी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और समारोह में सहयोग करने वाले सभी संगठनों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान तथा अनघा फाउंडेशन के संरक्षक अजय पुरी ने भी प्रकृति नेगी को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रकृति नेगी के माता-पिता, दादा-दादी, भाई-बहन को भी सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने उनकी सफलता को पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया। कार्यक्रम में सुभाष कुमाई, सूरत राम नौटियाल, प्रेम सिंह पवार, दीपेंद्र पवार, मनोज रावत, पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शालिनी चितरण, एआरटीओ विपिन नेगी, नत्थी सिंह रावत, उत्तम गोसाईं, मेजर राजेंद्र सिंह जमनाल, शंभू सिंह पवार, अमेरिकन पुरी, मनीष राणा, मनीष पवार सहित विभिन्न संगठनों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
