हरिद्वार से वीरभद्र तक कांवड़ यात्रा में शामिल हुए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, युवाओं को दिया संस्कृति और तकनीक का संदेश

देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने सावन मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा प्रारंभ की, जो वीरभद्र, ऋषिकेश पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान तेजस्वी सूर्या ने प्रदेशवासियों को सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति पूरी निष्ठा से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, अनुशासन और सेवा भावना का भी प्रेरणास्रोत है। देश के युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।nकार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने कहा कि तेजस्वी सूर्या की यह कांवड़ यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जिस देश के युवाओं के पास आध्यात्म और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) दोनों की शक्ति होगी, वह प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सहगल, दीप कोश्यारी, मुलायम रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
