उत्तराखंडलोकपर्वसरकार का फैसला

उत्तराखंड में गांव से शहर तक रही “इगास” पर्व की धूम, उत्साह और उमंग के साथ खेली “भैलू बग्वाल”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर इस बार राज्य में “इगास” यानी “बूढ़ी बग्वाल” का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान ठेठ गांव से लेकर शहर तक “भैलू बग्वाल” खेला गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आवास पर इगास के प्रतीक भैलू खेलकर राज्य और देशवासियों को शुभकामनाएं दी। इधर, उत्तराखंड में दिवाली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले इगास पर्व पर देश के गृह मंत्री समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी।

ये इगास खुशियों वाली 

राज्य में लोकपर्व को लेकर सीएम धामी काफी संजीदा रहते हैं। हर पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री खुद पहल करते हैं। इस बार इगास पर्व को गांव गांव और घर-घर मनाने को लेकर मुख्यमंत्री ने पहले ही संदेश दे दिया था। आज इगास पर मुख्यमंत्री के संदेश को लोगों ने आत्मसात किया और इगास पर्व की खुशी हर घर मे देखने को मिली।  दरअसल, इगास का त्योहार सामान्य रूप से प्रत्येक वर्ष ही पर्वतीय जिलों में धूमधाम से मनाया जाता है लेकिन इस बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान के बाद न केवल इस त्योहार को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है बल्कि देहरादून जहां कम संख्या में लोग इगास मनाते थे वहां भी इस बार इगास को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।

लोकपर्व पर अवकाश घोषित कर दिया बड़ा संदेश

उत्तराखंड में पहले गढ़वाल और कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में इगास और बूढ़ी बग्वाल मनाई जाती थी। इस बार गांव से शहर तक इगास की धूम रही। देहरादून में कई स्थानों पर सामूहिक रूप से इगास मनाया गया तो लोगों ने अपने घरों में दीवाली की तरह ही दीयों की रोशनी की और पारंपरिक दाल की पकौड़ी आदि व्यंजन बनाए। इसके पीछे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इगास पर पहले ही अवकाश की घोषणा कर दी थी। यह भी एक अहम वजह रही कि बड़ी संख्या में लोगों में इस लोक पर्व को लेकर उत्साह बना रहा। यहां तक कि सीएम के आह्वान के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी अपने गांव में खास इगास मनाने के लिए पहुँचे हैं।

देशभर से मिली शुभकामनाएं

इस बार उत्तराखंड वासियों और प्रवासियों के साथ ही दूसरे राज्यों के लोगों ने भी इगास पर्व मनाया। दीवाली की तरह ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, आम लोगों ने उपहार की तर्ज पर एक दूसरे को समौन भेंट की। मुख्यमंत्री की ही मुहिम का नतीजा रहा कि आज देशभर से प्रदेशवासियों को इगास की शुभकामनाएं मिल रही हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडियों को इगास की शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने यहां खेली बग्वाल

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने लोकपर्व इगास के अवसर पर दून विश्वविद्यालय परिसर में राठ जन विकास समिति द्वारा आयोजित इगास -2022 एवं परेड ग्राउण्ड में पहाड़ी मेला समिति, श्री शक्ति सेवा एवं जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को इगास की शुभकामनाएं दी और लोक संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन पर अपने विचार साझा कर सरकार द्वारा आने वाली पीढ़ी को हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने हेतु किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button