देवभूमि और मुख्यमंत्री को धमकी बर्दाश्त नहीं, कठोर कार्रवाई हो : महेंद्र भट्ट

देहरादून। रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा उत्तराखंड के माहौल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर दिए गए कथित धमकी भरे बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बयान की निंदा करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की है।
भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, पहचान, सामाजिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए वैधानिक कदम उठा रही है। भाजपा इन प्रयासों का पूरी मजबूती से समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और धमकी, उकसावे अथवा भड़काऊ बयानों के जरिए प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कठोर धर्मांतरण कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), अवैध धार्मिक कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तथा नियमों के विपरीत संचालित संस्थानों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार संविधान और कानून के दायरे में रहकर प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को धमकी या दबाव की राजनीति के माध्यम से सरकार को उसके जनहितकारी एवं वैधानिक निर्णयों से पीछे हटने के लिए मजबूर करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। भट्ट ने तंज कसते हुए कहा कि “लगता है विवादित और धमकी भरा बयान देने वाले मौलाना का समय खराब चल रहा है, तभी देवभूमि की ओर रुख कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता इस प्रकार के प्रयासों को कतई स्वीकार नहीं करेगी और कानून-व्यवस्था तथा सामाजिक शांति से खिलवाड़ करने वालों को कानून के तहत जवाब दिया जाएगा।
