Uttarakhandउत्तराखंडनिरीक्षण

टीएचडीसी टनल में तीन श्रमिकों की तलाश जारी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने लिया रेस्क्यू अभियान का जायजा

देहरादून। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने घटनास्थल पर पहुंचकर टनल का निरीक्षण किया और मौके पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बचाव अभियान में जुटी एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित अन्य टीमों से घटनाक्रम एवं अब तक की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

टनल के भीतर फंसे तीन श्रमिकों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ टनल के भीतर पहुंच बनाने और श्रमिकों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं। टनल में जमा पानी को सक्शन पंपों के माध्यम से तेजी से बाहर निकाला जा रहा है, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सके।
सांसद अनिल बलूनी ने रेस्क्यू अभियान में जुटे अधिकारियों एवं जवानों से बातचीत कर बचाव कार्यों में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना है और इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ पूरी क्षमता से कार्य कर रही हैं। घटना के बाद प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं। बचाव अभियान की प्रगति पर अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button