सऊदी में फंसे इंद्रमणि की वतन वापसी के लिए आगे आए किशोर भट्ट, परिजनों को दी एक लाख की सहायता
सीएम के गढ़वाल समन्वयक ने गोरसाड़ा पहुंचकर परिवार को हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

देहरादून। सऊदी अरब में पिछले करीब नौ वर्षों से फंसे गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी की मुहिम को लगातार लोगों का सहयोग मिल रहा है। इंद्रमणि को वापस भारत लाने के लिए परिवार के सामने खड़ी बड़ी आर्थिक चुनौती के बीच मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने व्यक्तिगत स्तर पर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।

शुक्रवार को किशोर भट्ट गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव पहुंचे और इंद्रमणि नौटियाल के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार की परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए उन्हें एक लाख रुपये का चेक सौंपा तथा इंद्रमणि की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिजनों के अनुसार इंद्रमणि नौटियाल करीब नौ वर्ष पूर्व रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। वहां उत्पन्न परिस्थितियों के चलते वह लंबे समय से स्वदेश नहीं लौट सके हैं। परिवार का कहना है कि सऊदी अरब के कानूनों के तहत उनकी वतन वापसी की प्रक्रिया में दो करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि की आवश्यकता बताई जा रही है। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण है।

इंद्रमणि की वापसी के लिए उनकी बेटी दीपिका नौटियाल और परिवार के अन्य सदस्य लगातार प्रयास कर रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अब स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी इस अभियान में सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। इस दौरान किशोर भट्ट ने कहा कि इंद्रमणि नौटियाल को सकुशल स्वदेश लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार आगे आकर परिवार की मदद करने की अपील की, ताकि लंबे समय से विदेश में फंसे इंद्रमणि जल्द अपने परिवार के बीच लौट सकें।
मुख्यमंत्री की ओर से भी दो लाख की सहायता
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इंद्रमणि नौटियाल के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री की सहायता और किशोर भट्ट के व्यक्तिगत सहयोग से परिवार को इंद्रमणि की वतन वापसी के प्रयासों में नई उम्मीद मिली है।
मुश्किल घड़ी में बढ़ते मदद के हाथ
इंद्रमणि की स्वदेश वापसी की मुहिम में इससे पहले गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण समेत अन्य लोगों ने भी आर्थिक सहयोग दिया है। लगातार मिल रहे सहयोग से परिवार को उम्मीद है कि सामूहिक प्रयासों से इंद्रमणि नौटियाल जल्द अपने गांव और परिवार के बीच लौट सकेंगे।
