उत्तराखंड में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ जेई, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी रिश्वत मांगने का आरोप, मुकदमा

देहरादून। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वहीं, इसी मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी रिश्वत मांगने का आरोप है, जिसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, एक पंजीकृत ठेकेदार ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने ब्लॉक जसपुर में वाटर कूलर लगाने का कार्य किया था। आरोप है कि कार्य के भुगतान के एवज में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता अधिष्ठान से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत की गोपनीय जांच कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। सोमवार को सतर्कता टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए काशीपुर के कुंडा क्षेत्र में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विवेचना शुरू कर दी गई है।
प्रेस नोट के अनुसार, इस प्रकरण में नामजद दूसरे आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कार्रवाई की सफलता पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें।
