एनटीपीसी तपोवन में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का जनभागीदारी के साथ सफल समापन

देहरादून। एनटीपीसी तपोवन विष्णुगाड जलविद्युत परियोजना में 16 से 31 मई 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का सफल एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान ने कर्मचारियों, सीआईएसएफ कर्मियों, परिवारजनों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पखवाड़े का शुभारंभ स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम से हुआ, जिसमें परियोजना के कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों, उनके परिवारों तथा आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अभियान के दौरान परियोजना परिसर, आवासीय कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता और सतत विकास से जुड़े विषयों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। परियोजना के चिकित्सा विभाग के डॉ. दलवीर सिंह ने सहयोगी कर्मचारियों के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली, कचरा पृथक्करण तथा सुरक्षित अपशिष्ट निस्तारण विषयों पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए। इन सत्रों में स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया गया।
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा गढ़ी भवानी मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जबकि कर्मचारियों के परिजनों और बच्चों ने भी स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज, बड़ागांव में स्वच्छता शपथ, सफाई अभियान, निबंध लेखन, चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वीणा देवी, विद्यालय के उपप्रधानाचार्य विक्रम सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री एवं जलपान भी वितरित किया गया। कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सार्थक होगा जब इसे केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन की आदत बनाया जाए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुगाता दासगुप्ता ने सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों, स्थानीय समुदाय तथा सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 ने “स्वच्छता में सबकी सहभागिता” के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाते हुए सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक उत्तरदायित्व और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया तथा स्वच्छ भारत अभियान के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
