Uttarakhandउत्तराखंडदावा

केदारनाथ में हजारों के वीआईपी बिल भुगतान प्रकरण की होगी जांच, चार सदस्यीय समिति तीन सप्ताह में देगी रिपोर्ट

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने सोशल मीडिया में प्रसारित वीआईपी आवास एवं भोजन बिल भुगतान प्रकरण का संज्ञान लेते हुए विभागीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तीन सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया में श्री केदारनाथ धाम में विशिष्ट अतिथियों के आवासीय एवं भोजन संबंधी बिलों का भुगतान मंदिर समिति के माध्यम से किए जाने की खबरें प्रसारित हो रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विभागीय जांच समिति का गठन किया गया है, ताकि पूरे प्रकरण की सत्यता सामने आ सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान के पैसों का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। यदि जांच में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गठित चार सदस्यीय समिति में वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी को शामिल किया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि वह पूरे मामले की गहन जांच कर तीन सप्ताह में अपनी आख्या प्रस्तुत करे। बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर समिति पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा और जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इस संबंध में मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ द्वारा समिति गठन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button