प्रधान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष योगिता का चमोली में जोरदार स्वागत, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य अभिनंदन

देहरादून। ग्राम प्रधान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद योगिता रावत के गृह जनपद चमोली पहुंचने पर उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। खैनूरी गांव की प्रधान योगिता रावत के पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। देहरादून से चमोली पहुंचते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्यों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। फूल-मालाओं से लादकर लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की और जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रदेश अध्यक्ष योगिता रावत के स्वागत के लिए करणप्रयाग, गोचर, घाट और चमोली मुख्यालय सहित कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। हर जगह लोगों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। स्थानीय महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय बन गया। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि पहली बार किसी महिला को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, जो पूरे जनपद के लिए सम्मान की बात है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योगिता रावत के नेतृत्व में ग्राम प्रधान संगठन को नई दिशा मिलेगी और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वह ग्राम प्रधानों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगी और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएंगी। नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष योगिता रावत ने इस भव्य स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे चमोली जनपद की जनता का है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह ग्राम प्रधानों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और पंचायतों के समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करेंगी।
