मुख्यमंत्री धामी का बड़ा संदेश: “युवा ही वर्तमान और भविष्य, राष्ट्र निर्माण की असली ताकत”

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में प्रतिभाग करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि युवाओं की ऊर्जा, संकल्प और नवाचार ही देश की प्रगति की दिशा तय करते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उन्होंने छात्र राजनीति को नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त माध्यम बताते हुए छात्रों से सकारात्मक राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस दौरान उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे संगठनों से जुड़कर युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता शिक्षा संस्थानों से लेकर देश की सीमाओं तक राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र और राष्ट्र निर्माण भी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को केंद्र में रखकर कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है। ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी पहलों ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना, 20 मॉडल कॉलेजों का निर्माण, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का तेजी से निर्माण किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नई भर्तियां भी प्रक्रिया में हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में लागू सख्त नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तल (प्रथम एवं द्वितीय) के निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, रामसिंह कैड़ा, विधायक उमेश कुमार, प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महामंत्री करन नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
