Uttarakhandउत्तराखंडविजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

बागेश्वर में उरेडा के परियोजना अधिकारी 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

देहरादून। उत्तराखण्ड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद बागेश्वर में उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान से शिकायत की थी कि उसके सोलर प्लांटों से संबंधित ज्वाइंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट (J.I.R.) काफी समय से कार्यालय में लंबित पड़ी हुई है। आरोप था कि इन फाइलों के निस्तारण के लिए उरेडा के परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता की चार फाइलें लंबित होने के कारण आरोपी अधिकारी ने कुल 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता अधिष्ठान से कार्रवाई की मांग की। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में एक निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत शुक्रवार 24 जुलाई 2026 को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने आरोपी परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल, पुत्र स्वर्गीय उदय सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल), हाल परियोजना अधिकारी, उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा), बागेश्वर को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं तथा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस अवसर पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध आगे आने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button