मदर्स डे पर एसएसपी बोली, ‘माँ और पुलिस अधिकारी की दोहरी भूमिका निभाना साहस और समर्पण का प्रतीक’

देहरादून। मातृत्व दिवस के अवसर पर टिहरी पुलिस परिवार में महिला पुलिस कर्मियों के सम्मान और उत्साहवर्धन हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने पुलिस कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं में तैनात महिला पुलिस कार्मिकों के साथ संवाद कर उन्हें मातृत्व दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि एक महिला पुलिस अधिकारी के रूप में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ माँ की भूमिका निभाना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस कर्मी अपने परिवार और सेवा के बीच जिस संतुलन, धैर्य और समर्पण के साथ कार्य करती हैं, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के दौरान महिला कार्मिकों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, परिवार और कार्य के बीच संतुलन बनाए रखने तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। एसएसपी ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी केवल अपने परिवार की ही नहीं, बल्कि कई बार समाज के असहाय और जरूरतमंद बच्चों की भी “दूसरी माँ” बनकर संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल पेश करती हैं। महिला पुलिस कर्मियों ने भी एसएसपी द्वारा दिए गए प्रेरणादायक संदेश और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया तथा इस पहल को अपने लिए उत्साहवर्धक बताया।
