एनटीपीसी ने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर तपोवन को भेंट किया घोष सेट व म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट

देहरादून। एनटीपीसी तपोवन परियोजना की ओर से परियोजना प्रभावित क्षेत्र के विद्यालयों में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल की गई है। इसी क्रम में एनटीपीसी द्वारा तपोवन स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को घोष सेट एवं विभिन्न म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट सामग्री उपलब्ध कराई गई। यह सामग्री आरएंडआर एवं सामुदायिक विकास कार्यों के अंतर्गत विद्यालय प्रबंधन को प्रदान की गई।
विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में सांस्कृतिक प्रतिभाओं को बढ़ावा देने तथा उन्हें राष्ट्रीय पर्वों, विद्यालयी कार्यक्रमों और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों में बेहतर ढंग से प्रतिभाग करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सामग्री दी गई है। घोष सेट एवं वाद्य यंत्र उपलब्ध होने से विद्यालय के विद्यार्थियों को संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के नियमित अभ्यास में भी सुविधा मिलेगी।
विद्यालय प्रबंधन एवं ग्राम प्रधान की ओर से पूर्व में एनटीपीसी प्रबंधन को अवगत कराया गया था कि विद्यालय में पिछले कई वर्षों से घोष सामग्री का अभाव बना हुआ है। इसके कारण विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पर्वों एवं अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर घोष वादन के अभ्यास और प्रस्तुतियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विद्यालय की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एनटीपीसी ने सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की।
घोष सेट एवं म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट सामग्री प्राप्त होने पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एनटीपीसी प्रबंधन का आभार जताया। विद्यालय परिवार ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा निखारने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर एनटीपीसी आरएंडआर विभाग के उपमहाप्रबंधक डी.एस. गर्ब्याल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य, ग्राम प्रधान तपोवन पूनम पंत, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी शिक्षा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई।
