Uttarakhandउत्तराखंडएसटीएफ की बड़ी कार्रवाईदावा

फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में STF की बड़ी कार्रवाई, कार से हथियारों का जखीरा और 237 कारतूस बरामद

देहरादून। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान में एक कार से चार अवैध हथियार, 237 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और सात कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के अनुसार, बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर 4 जून 2026 को काशीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले की विवेचना के दौरान मंगलवार देर रात काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

बरामद सामान में एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक सेमी ऑटोमैटिक .22 बोर राइफल, एक सेमी ऑटोमैटिक .32 बोर पिस्टल, एक .32 बोर रिवाल्वर, 237 जिंदा कारतूस और चार मैगजीन शामिल हैं। पुलिस ने मौके से सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस भी बरामद किए हैं। बरामद वाहन स्विफ्ट कार संख्या UK18P-5046 को भी कब्जे में लिया गया है।
एसटीएफ के मुताबिक, बरामद हथियार, कारतूस और फर्जी लाइसेंस मुकदमे में नामजद सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल पुत्रगण राकेश अग्रवाल तथा दीप्ति अग्रवाल पत्नी सौरभ अग्रवाल, निवासी काशीपुर से संबंधित पाए गए हैं। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि राज्यभर में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जांच अभियान लगातार जारी है। अब तक इस संबंध में तीन मुकदमे दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान पांच अवैध शस्त्र और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। उत्तराखंड पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई कर रही है। साथ ही बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन भी जारी है। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की कोई भी सूचना तत्काल एसटीएफ को दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button