जिला अस्पताल कोरोनेशन में हरेला पर्व पर पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जिला अस्पताल कोरोनेशन, देहरादून में गुरुवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) डॉ. यतेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, मिनिस्टीरियल संवर्ग तथा पैरामेडिकल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
उन्होंने अस्पताल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे हरेला पर्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और अपने घरों, कार्यस्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें।
कार्यक्रम में डॉ. डी.पी. जोशी, डॉ. प्रवीण पंवार, डॉ. जे.पी. नौटियाल, नर्सिंग अधीक्षक, मिनिस्टीरियल संवर्ग तथा पैरामेडिकल कर्मचारियों सहित अस्पताल के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जिला अस्पताल कोरोनेशन ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
