Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनकविजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

उत्तराखंड में कोर्ट फीस के नाम पर साढ़े तीन हजार की रिश्वत लेते कोर्ट का नायब नाजिर रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की हल्द्वानी सेक्टर ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल कोर्ट बाजपुर में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को ₹3,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शिकायतकर्ता से कोर्ट फीस के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था।

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार शिकायतकर्ता ने हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि सिविल कोर्ट बाजपुर में उसके विरुद्ध एनआई एक्ट का एक मामला विचाराधीन है। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद जब वह राजीनामा दाखिल कराने न्यायालय पहुंचा तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर ₹3,500 की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने गुरुवार को सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय, बाजपुर स्थित कार्यालय में जाल बिछाकर आरोपी ओम चौहान पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, पोस्ट एवं थाना जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से ₹3,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। वहीं, निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई करने वाली टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करें
निदेशक सतर्कता ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी हो तो सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत दर्ज कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button