
देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। बारिश से जहां सड़कें कई जगह बंद और खुल रही है, वहीं, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। बारिश से राजपुर स्थित काठ बंगला में भूस्खलन के चलते तीन लोग दब गए। जबकि मालदेवता, सीतापुर में भारी बारिश से फिर तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोग नदी के रौद्र रूप से दहशत में हैं।
जनपद देहरादून में भारी बरसात से काठ बांग्ला राजपुर में मकान ढहा गया। मलबे में दबने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। एसडीआरएफ ने सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने शव बरामद कर लिए हैं। जानकारी के अनुसार 29 अगस्त को सुबह जनपद नियंत्रण कक्ष, देहरादून द्वारा सूचिना दी गई कि काठ बंगला राजपुर रोड के पास भारी बरसात के कारण मकान ढह गया है। दो महिला व एक बच्चा मकान में दबे होने की सूचना है। मौके पर एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता है। उक्त सूचना पर पोस्ट सहस्त्रधारा से निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्चिंग के दौरान टीम को घटनास्थल पर दो महिलाओं व एक बच्चे का शव मिल गया है। टीम द्वारा मलबे से शव निकाले जा रहे हैं। इधर, मालदेवता में बारिश से सौंग, जाखन और अन्य नदी नाले ऊफान पर हैं। नदी के रौद्र रूप से खेती और घरों को नुकसान पहुंचा है। कुछ ही समय पहले यहां बारिश से भारी जानमाल का नुकसान हुआ था। आज फिर बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है।