भाजपा ने हरीश चमोली को सौंपी चमोली जिला मीडिया समन्वयक की जिम्मेदारी

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर मीडिया विभाग को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में मीडिया समन्वयकों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश मीडिया संपर्क विभाग के संयोजक हरीश चमोली को चमोली जिले के मीडिया समन्वयक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर सिंह चौहान की ओर से जारी सूची में यह नियुक्ति की गई है।

बता दें कि हरीश चमोली लंबे समय से भाजपा संगठन एवं मीडिया गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। नई जिम्मेदारी के तहत वह जिले में पार्टी के कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी मीडिया तक पहुंचाने के साथ ही पार्टी एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच समन्वय की भूमिका निभाएंगे। चमोली जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में भी जिला मीडिया समन्वयक की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उनकी नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। हरीश चमोली को नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन और मीडिया क्षेत्र में उनके अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा तथा जिले में मीडिया गतिविधियों के बेहतर समन्वय में मदद मिलेगी। बधाई देने वालों ने उनके कर्मठता, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि वह नई जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे। वहीं, पार्टी से जुड़े लोगों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच जिले में संगठनात्मक एवं मीडिया गतिविधियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना इस जिम्मेदारी का अहम हिस्सा रहेगा।
