Uttarakhandउत्तराखंडदावा

साइंस सिटी देहरादून को केंद्र से मिलेंगे 14 करोड़ रुपये, अतिरिक्त करीब 39 करोड़ की गैप फंडिंग का रास्ता साफ

देहरादून। उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित साइंस सिटी देहरादून परियोजना को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण वित्तीय सहयोग का निर्णय लिया है। परियोजना को पूरा करने के लिए आवश्यक करीब 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग में से 14 करोड़ रुपये केंद्र सरकार वहन करेगी। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर केंद्र के इस निर्णय की जानकारी दी है। इससे परियोजना के निर्माण एवं शेष कार्यों को पूरा करने की दिशा में बड़ी वित्तीय बाधा दूर होने की उम्मीद है।

केंद्र और राज्य के बीच साझा होगी धनराशि

जानकारी के अनुसार साइंस सिटी परियोजना को पूर्ण करने के लिए लगभग 39 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता सामने आई है। इसमें से करीब 14 करोड़ रुपये संस्कृति मंत्रालय के केंद्रीय हिस्से के रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि लगभग 25 करोड़ रुपये उत्तराखंड सरकार/यूकोस्ट की ओर से वहन किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि परियोजना की समीक्षा बैठक में सामने आए निष्कर्षों और आवश्यकताओं के आधार पर मंत्रालय ने केंद्रीय शेयर के रूप में 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह धनराशि परियोजना में शामिल किए गए नए एवं अनिवार्य घटकों की लागत से संबंधित है।

60:40 के अनुपात में होगा वित्तीय सहयोग

केंद्र की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली अतिरिक्त धनराशि को मूल परियोजना के वित्तीय ढांचे के अनुरूप 60:40 के अनुपात में राज्य सरकार के साथ साझा किया जाएगा। केंद्र के इस निर्णय से परियोजना के लिए आवश्यक अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने में राज्य सरकार को राहत मिलेगी और निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। साइंस सिटी देहरादून को उत्तराखंड में विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में विकसित किए जाने की योजना है। परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को विज्ञान की अवधारणाओं को आधुनिक एवं प्रयोगात्मक तरीके से समझने का अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने पर जोर है।

विद्यार्थियों और युवाओं के लिए बनेगा प्रमुख केंद्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सिटी प्रदेश के विद्यार्थियों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान एवं नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। सरकार का मानना है कि साइंस सिटी के विकसित होने के बाद स्कूली एवं उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न विषयों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय प्रयोग, प्रदर्शन और आधुनिक तकनीक के माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश में विज्ञान शिक्षा और नवाचार के वातावरण को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

परियोजना को पूरा करने की दिशा में अहम कदम

साइंस सिटी जैसी परियोजना के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता को इसके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग में केंद्र की ओर से 14 करोड़ रुपये का सहयोग तय होने के बाद अब राज्य सरकार और यूकोस्ट के हिस्से की धनराशि की व्यवस्था के साथ परियोजना के शेष कार्यों को गति देने का रास्ता साफ हुआ है। देहरादून में प्रस्तावित साइंस सिटी के माध्यम से प्रदेश में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने की सरकार की योजना को भी मजबूती मिलेगी। केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय सहयोग मिलने के बाद परियोजना के शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button