Uttarakhandउत्तराखंडजिम्मेदारी

“अंक नहीं, चरित्र और संस्कार बनाते हैं असली सफलता” : डीजी सूचना बंशीधर तिवारी

देहरादून। डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि जीवन में सफलता का आधार केवल परीक्षा में प्राप्त अंक या डिग्रियां नहीं हैं, बल्कि चरित्र, संस्कार, नैतिक मूल्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी ही व्यक्ति को वास्तविक अर्थों में सफल बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण पर भी समान रूप से ध्यान देने का आह्वान किया।

वह सोमवार को देहरादून स्थित नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में एसबीएस यूनिवर्सिटी एवं द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में तिवारी ने कहा कि सफलता किसी एक दिन का परिणाम नहीं होती, बल्कि निरंतर परिश्रम, सीखने की ललक, अनुशासन और मजबूत जीवन मूल्यों का प्रतिफल होती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक उत्कृष्टता महत्वपूर्ण है, लेकिन सफल करियर, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक दायित्वों का संतुलन ही जीवन को सार्थक बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अंकों और डिग्रियों तक सीमित न रहने की सलाह देते हुए ईमानदारी, धैर्य, संवेदनशीलता, अनुशासन और उद्देश्यपूर्ण जीवन जैसे गुणों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि करियर में सफलता अवसर प्रदान करती है, लेकिन वास्तविक संतुष्टि परिवार के मूल्यों का सम्मान करने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने से मिलती है।
डीजी सूचना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता का परिचय दें। उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी विनम्रता और कृतज्ञता बनाए रखने का संदेश दिया। तिवारी ने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button