Uttarakhandउत्तराखंडजिम्मेदारी

गाजणा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत का प्रशासन पर जोर, डीएम को सौंपे दो अहम ज्ञापन

देहरादून। न्यूगांव-गाजणा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को दो अलग-अलग जनहित ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में स्थायी आधार सेवा केंद्र की स्थापना तथा जर्जर मोटर मार्गों के शीघ्र सुधारीकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन दोनों समस्याओं का सीधा असर हजारों ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है, इसलिए प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत ने ज्ञापन में बताया कि न्यूगांव-गाजणा जिला पंचायत क्षेत्र में लगभग 25 हजार की आबादी और 26 ग्राम पंचायतें होने के बावजूद आज तक स्थायी आधार कार्ड सेवा केंद्र स्थापित नहीं किया गया है। इसके चलते आधार कार्ड बनवाने, संशोधन कराने अथवा अन्य संबंधित कार्यों के लिए लोगों को 40 से 65 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय या अन्य स्थानों की यात्रा करनी पड़ती है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और दूरस्थ गांवों के निवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए गाजणा क्षेत्र के केंद्रीय स्थान धौंतरी में जल्द से जल्द स्थायी आधार सेवा केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा उपलब्ध हो सके। दूसरे ज्ञापन में प्रियंका रावत ने उडरी, कुमारकोट तथा भेटियारा-लोदाड़ा मोटर मार्गों की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर कई स्थानों पर गड्ढे, क्षतिग्रस्त हिस्से और टूट-फूट के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। बरसात के मौसम में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इन सड़कों के सुधारीकरण के लिए पूर्व में धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्रवासियों में निराशा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिलाधिकारी दोनों जनहित मामलों में गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, जिससे गाजणा क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button