Uttarakhandउत्तराखंडएसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

कॉस्मेटिक की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का कारोबार, एसटीएफ ने दबोचा शातिर तस्कर

देहरादून। उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में भारी मात्रा में कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं। जांच में आरोपी का संबंध पूर्व में STF द्वारा बरामद किए गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी सामने आया है।

STF द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान तथा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के नेतृत्व में राज्यभर में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में STF/ANTF की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ थाना कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध स्थानों और गोदामों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर छापा मारकर संचालक अहतशाम उल हक पुत्र शहीद, निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप तथा प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। इसके बाद टीम ने आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश देकर अतिरिक्त प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन प्रतिबंधित दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। STF अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और सप्लाई चैन की भी गहन जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी नशीली दवाओं की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में NDPS अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह ने जनता से नशे से दूर रहने और किसी भी प्रकार की नशा तस्करी की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा STF/ANTF को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button