देहरादून में एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, तीन भवन सील

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को शहर के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध आवासीय और व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
एमडीडीए की टीम ने सबसे पहले दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के निकट पुनीत अग्रवाल द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना संचालित पाए जाने पर सील कर दिया। इसके बाद जमन्नीवाला सिंगली रोड क्षेत्र में अरुण कुमार गुप्ता के अवैध व्यावसायिक निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। तीसरी कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में की गई, जहां राकेश सुरी द्वारा अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर को प्राधिकरण ने सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार निर्माण स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
कार्रवाई के दौरान संबंधित सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजरी टीम और पुलिस बल मौजूद रहा। एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा नियमों के विपरीत किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नागरिक निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और निर्धारित मानकों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान जारी है। बिना अनुमति या नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमतियां लेने की अपील की।
