पासपोर्ट सत्यापन में उत्तराखण्ड पुलिस का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन, मिला प्रतिष्ठित सम्मान

देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यकुशलता और नागरिक सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित “इंस्टिट्यूशनल परफॉरमेंस अवार्ड फॉर स्टेट पुलिस ” से सम्मानित किया है।

यह सम्मान देशभर में विभिन्न राज्यों की पुलिस द्वारा किए गए पासपोर्ट सत्यापन कार्यों के प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया। उत्तराखण्ड पुलिस ने समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार को आयोजित एक विशेष समारोह में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखण्ड पुलिस के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जनपदों में पासपोर्ट सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा की जाती रही है। साथ ही तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सत्यापन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप उत्तराखण्ड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस विभाग का लक्ष्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में मिली यह सफलता इसी सोच और कार्यशैली का प्रमाण है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सरकार और पुलिस विभाग द्वारा नागरिक सेवाओं में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करती रहेगी।
उत्तराखण्ड पुलिस को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल विभाग के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह राज्य में बेहतर प्रशासन, तकनीकी दक्षता और नागरिक-केंद्रित सेवाओं के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता का भी प्रमाण माना जा रहा है।
