Uttarakhandउत्तराखंडदावा

उत्तराखंड पुलिस में पदोन्नतियों की रफ्तार तेज, दो साल में 1640 कर्मियों को मिला लाभ, दरोगा बने इंस्पेक्टर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखंड पुलिस में पदोन्नति प्रक्रिया लगातार गति पकड़ रही है। पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों के मनोबल और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना संवर्ग के 15 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 पदोन्नति के दृष्टिकोण से उत्तराखंड पुलिस के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। वर्ष 2025 में एक हजार से अधिक तथा वर्ष 2026 में अब तक 580 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार एवं अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 1640 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। वर्ष 2026 में अब तक 13 पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान), 2 पुलिस उपाधीक्षक (एम), 26 निरीक्षक, 144 उपनिरीक्षक, 63 अपर एवं सहायक उपनिरीक्षक तथा 332 मुख्य आरक्षियों को पदोन्नति दी जा चुकी है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति व्यवस्था से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है तथा कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने गृह एवं कार्मिक विभाग, उत्तराखंड शासन तथा पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समयावधि में पदोन्नति प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय भविष्य में भी पदोन्नति प्रक्रियाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और कर्मचारी हितों के अनुरूप संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button