Uttarakhandउत्तराखंडचारधाम यात्रादावा

यमुनोत्री यात्रा व्यवस्थाओं का सीडीओ ने लिया जायजा, डामटा से जानकीचट्टी तक किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून। चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने मंगलवार को यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने डामटा से लेकर जानकीचट्टी तक यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर किए गए निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने डामटा, बर्नीगाड, सारीगाड और रिखाऊ खड्ड सहित विभिन्न स्थानों पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर विभिन्न राज्यों से आए तीर्थ यात्रियों से बातचीत कर यात्रा अनुभव भी जाना। मुख्य विकास अधिकारी ने यात्रा मार्ग में बनाए गए सुलभ शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई और पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने अपर जिला पंचायत अधिकारी को शौचालयों की नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, वहीं जल संस्थान अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति निर्बाध रखने और वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को सभी यात्रा पड़ावों पर विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने जानकीचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां भर्ती यात्रियों और तीमारदारों का हालचाल भी जाना। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर यातायात सुगम बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा सड़क किनारे मलबा और अवरोध तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, संस्कृति और पर्यटन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एस.एल. आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी, खंड विकास अधिकारी मोरी शशि भूषण वैन्जोला, सहायक अभियंता एनएच अंकित नौटियाल, सहायक अभियंता विद्युत अजय सेमवाल, सहायक अभियंता जल संस्थान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button