उत्तराखंड की बेटी महक चौहान का भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयन, प्रदेश में खुशी की लहर

देहरादून। उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है। उत्तरकाशी की प्रतिभाशाली रग्बी खिलाड़ी महक चौहान का चयन भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में हुआ है। महक अब 16 और 17 मई 2026 को ताशकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के भद्रासु निवासी अरविंद चौहान की पुत्री महक चौहान इससे पहले अंडर-18 और अंडर-20 भारतीय रग्बी टीम का भी हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया था। अब सीनियर भारतीय टीम में चयन होने से पूरे प्रदेश और उत्तराखंड रग्बी परिवार में खुशी का माहौल है। अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर महक चौहान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
इस अवसर पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी एवं फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने महक चौहान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महक की इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में गर्व और उत्साह का माहौल है।
