Uttarakhandउत्तराखंडदावापुलिस

ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 किलो अवैध पोपी-पोस्त बरामद

देहरादून। जनपद में नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे को मिली सूचना पर चंबा पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने हटवाल गांव क्षेत्र में छापेमारी कर लगभग 22 किलोग्राम अवैध पोपी/पोस्त बरामद की।

पुलिस के अनुसार 10 मई को एसएसपी श्वेता चौबे को अवैध अफीम और पोपी/पोस्त की खेती की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। 11 मई को संयुक्त टीम ने हटवाल गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन खेतों में अवैध अफीम की खड़ी फसल तथा पांच खेतों में कटी हुई पोस्त की फसल बरामद हुई। राजस्व अभिलेखों के अनुसार उक्त भूमि अभियुक्त अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह एवं अन्य के नाम संयुक्त रूप से दर्ज पाई गई।


छापेमारी के दौरान अभियुक्त के घर के बाहर रखे दो प्लास्टिक कट्टों से कुल 22 किलो से अधिक अवैध पोपी/पोस्त बरामद की गई। इसमें 3 किलो 638 ग्राम सूखी पोपी डोडा तथा 18 किलो 480 ग्राम कच्ची पोपी डोडा शामिल है। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया तथा जांच हेतु नमूने सुरक्षित किए।
पूछताछ में अभियुक्त के परिजनों ने बताया कि अवैध खेती और बरामद पोस्त का संबंध अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह से है। हालांकि आरोपी मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। तहसीलदार धीरज राणा ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 48 के तहत मौके पर खड़ी अवैध अफीम की फसल को नष्ट करवाया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। पुलिस को मौके से गूगल कोऑर्डिनेट्स 30.339010, 78.281769 भी प्राप्त हुए हैं।
इस मामले में अभियुक्त अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह पुत्र स्व. रणजीत सिंह निवासी हटवाल गांव, पट्टी सकलाना, टिहरी गढ़वाल के खिलाफ कोतवाली चंबा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/46 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, उपनिरीक्षक मनोज ममंगाई, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र नेगी, उपनिरीक्षक जय कुमार, तहसीलदार धीरज राणा, राजस्व उपनिरीक्षक राकेश सेमवाल सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button