चारधाम यात्रा में बड़ा हादसा टला, शराब के नशे में 25 यात्रियों को ले जा रहा चालक गिरफ्तार

देहरादून। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले एक टेम्पो ट्रैवलर चालक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चला रहे चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। वाहन में 25 श्रद्धालु सवार थे, जो दिल्ली से केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देश पर चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिलेभर में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कोतवाली मुनि की रेती पुलिस द्वारा ढालवाला क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने टेम्पो ट्रैवलर संख्या DL1VC-5187 को रोककर जांच की। जांच के दौरान चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसका एल्कोहल टेस्ट कराया, जिसमें चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद चौकी प्रभारी ढालवाला ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर चालक अमित सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी रोहिणी, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी 25 श्रद्धालुओं के लिए तुरंत वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित रूप से केदारनाथ धाम के लिए रवाना किया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
