Uttarakhandउत्तराखंडदावापुलिसमददगार

मुनिकीरेती में वीकेंड और यात्रा सीजन के बढ़ते दबाव के बीच एसएसपी खुद उतरीं सड़क पर, 14 पेट्रोलिंग यूनिट्स को किया रवाना

देहरादून। चारधाम यात्रा सीजन और वीकेंड के चलते बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए टिहरी पुलिस ने व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शनिवार को 14 पुलिस पेट्रोलिंग यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि पेट्रोलिंग यूनिट्स से यात्रा मार्गों पर यातायात नियंत्रण और आपात सेवाओं को और तेज व प्रभावी बनाया जा सके।

एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा फ्लैग ऑफ की गई इन यूनिट्स में 6 वाहन यातायात निदेशालय से, 5 सीएसआर के अंतर्गत तथा 3 अन्य संसाधनों से उपलब्ध कराए गए हैं। ये बाइक पेट्रोलिंग यूनिट्स लगातार चारधाम यात्रा मार्गों पर सक्रिय रहकर जाम की स्थिति को नियंत्रित करने, यातायात को सुचारू बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने का कार्य करेंगी।
इस मौके पर एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल को बढ़ाने के लिए उन्हें हैट (टोपी) और रिफ्रेशमेंट वितरित किए। भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों के लिए यह पहल राहत भरी रही। साथ ही, यातायात व्यवस्था में सहयोग कर रहे वॉलेंटियर्स को टी-शर्ट वितरित कर उन्हें एक समान पहचान प्रदान की गई, जिससे उनके कार्य में समन्वय और सुगमता आए। खास बात यह रही कि एसएसपी श्वेता चौबे स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था का जायजा लेती नजर आईं। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ट्रैफिक को व्यवस्थित करने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके इस नेतृत्व और संवेदनशीलता ने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने का काम किया।


एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा के दौरान वे पूरी सतर्कता, संयम और सेवा भावना के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके। टिहरी पुलिस के इन लगातार प्रयासों का असर अब यात्रा मार्गों पर साफ दिखाई देने लगा है। यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button