Uttarakhandउत्तराखंडदावापुलिस

वीडियो…देहरादून में देर रात एनकाउंटर: लूट के बाद पुलिस से मुठभेड़, एक बदमाश ढेर, इंस्पेक्टर समेत पीड़ित को लगी गोली

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में मंगलवार- बुधवार की दरम्यानी रात लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक और पीड़ित दोनों को गोली लगने से हड़कंप मच गया।

पुलिस कंट्रोल रूम को रात में सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट की है और उसे गोली मार दी है। सूचना पर थाना प्रेमनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां घायल अवस्था में मिले देवराज ने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल, डायरी, आईडी समेत अन्य दस्तावेज लूट लिए और गोली मारकर विश्रांति की ओर फरार हो गए।


घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस के करीब पहुंचते ही कार सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल में भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान चली गोली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को जा लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य फरार हो गए।

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल इंस्पेक्टर को पहले प्रेमनगर अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी बॉर्डरों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है और फरार बदमाश की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मी और पीड़ित की स्थिति की जानकारी ली। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button