Uttarakhandउत्तराखंडदुःखददुर्घटना

अंतिम संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों का वाहन नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर खाई में गिरा, 8 की मौत, 2 घायल

देहरादून। जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के समीप एक मैक्स/बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खाई में गिरे वाहन से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में उत्तम कुमार (लगभग 30 वर्ष) सहित एक अन्य युवक शामिल है, जिनका जिला अस्पताल बौराड़ी में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे स्वयं मौके के लिए रवाना हो गईं और बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। वाहन में सवार सभी लोग चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो हरिद्वार/ऋषिकेश क्षेत्र में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। फिलहाल प्रशासन द्वारा मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button