Uttarakhandउत्तराखंडदो टूकपुलिस

देहरादून में अपराधियों पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ का वार, डीजीपी दीपम सेठ के सख्त निर्देश

देहरादून। राजधानी देहरादून में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” सख्ती से चलाया जाएगा।

डीजीपी ने साफ निर्देश दिए कि देहरादून की कानून-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाए। आईजी गढ़वाल को रोजाना मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की जवाबदेही तय कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को हॉटस्पॉट क्षेत्रों में खुद मैदान में उतरकर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और बैरियर्स पर सघन चेकिंग करने को कहा गया है। खासतौर पर सुबह के समय पुलिस बल की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।एसटीएफ को भी सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पीजी और किरायेदारों के सत्यापन अभियान को तेज करने और होम-स्टे गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
डीजीपी ने देर रात तक खुले रहने वाले बार और पब्स पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि राजधानी में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर आमजन की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय में हुई इस बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button