गोलीकांड के बाद सख्त हुआ शासन, हाई लेवल बैठक में पेट्रोलिंग बढ़ाने, बार-रेस्टोरेंट पर सख्ती और हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। राजधानी देहरादून में हालिया गोलीकांड और लगातार बढ़ती रोड रेज व हुड़दंग की घटनाओं के बाद शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर हालात पर नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने साफ शब्दों में कहा कि देहरादून शहर को हुड़दंगियों और अराजक तत्वों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में दिन-रात के साथ-साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। बैठक में बार और रेस्टोरेंट की मनमानी पर भी सख्ती दिखाई गई। मुख्य सचिव ने निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों और अवैध रूप से चल रहे प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्रवाई की जाए। खासकर वीकेंड के दौरान देहरादून को ‘पार्टी हब’ बनने से रोकने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
इसके अलावा शहर के आसपास तेजी से बढ़ रहे होम-स्टे पर भी शासन की नजर टेढ़ी हो गई है। मुख्य सचिव ने होम-स्टे की मैपिंग कराने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पर्यटन के नाम पर कहीं इनका दुरुपयोग बार संचालन या अन्य अवैध गतिविधियों के लिए तो नहीं हो रहा है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के खुलने के बाद वीकेंड में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस को अभी से अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का सघन सत्यापन अभियान चलाने को कहा गया है, ताकि बाहरी अराजक तत्वों की पहचान की जा सके। मुख्य सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।गोलीकांड के बाद शासन के इस कड़े रुख से साफ है कि अब दून में कानून तोड़ने वालों के लिए कोई ढील नहीं होगी और पुलिस-प्रशासन पूरी ताकत के साथ सख्ती के मूड में है।
बैठक में डीजीपी दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, डीएम देहरादून सविन बंसल और एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
