वन विभाग का कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई

देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। हल्द्वानी सेक्टर की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से विभागीय दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी सेक्टर में दर्ज एक शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में तैनात कर्मचारी नवीन नौटियाल उससे लीसा गड़ान-ढुलान कार्य के पंजीकरण के नवीनीकरण और लंबित भुगतान कराने के नाम पर 25,500 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इसमें अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।
इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
