Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकताजिम्मेदारी

चारधाम यात्रा से पहले सरकार सतर्क: गैस व ईंधन आपूर्ति पर हाई लेवल समीक्षा, व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी दूर करने के निर्देश

देहरादून।वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर राज्य में गैस एवं ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखण्ड शासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शनिवार को उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, आपूर्ति विभाग तथा ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में घरेलू गैस की आपूर्ति फिलहाल सामान्य बनी हुई है और अस्पतालों व शैक्षणिक संस्थानों को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, जिलाधिकारियों ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की अपेक्षाकृत कम आपूर्ति का मुद्दा उठाते हुए इसे बढ़ाने की मांग की। इस पर मुख्य सचिव ने ऑयल कंपनियों को नई एसओपी के तहत व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए। डीजल और पेट्रोल की स्थिति को लेकर भी राहत भरी खबर सामने आई। आईओसीएल के अधिकारियों और जिलाधिकारियों ने बताया कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। वहीं कृषि विभाग ने भी उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता की पुष्टि की, हालांकि इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा पर विशेष फोकस

आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को देखते हुए गैस की अतिरिक्त मांग को लेकर विशेष चर्चा की गई। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी और पौड़ी जिलों से व्यावसायिक गैस की मांग बढ़ने की संभावना जताई गई। इस पर मुख्य सचिव ने केंद्र सरकार को अतिरिक्त मांग भेजने और यात्रा मार्गों पर पिछले वर्ष की तुलना में अधिक गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वैकल्पिक ऊर्जा पर भी जोर

बैठक में गैस के विकल्प के रूप में लकड़ी, सोलर, पिरूल (ब्रिकेट्स), इंडक्शन और बायोफ्यूल के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बनाने के निर्देश दिए गए।
पीएनजी विस्तार और सुरक्षा पर सख्ती राज्य में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) के विस्तार पर भी जोर दिया गया। सभी जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के तहत तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर गैस व उर्वरक की तस्करी रोकने के लिए पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

शादी समारोह के लिए राहत

बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शादी समारोह के लिए दो अस्थायी व्यावसायिक गैस कनेक्शन जारी करने की अनुमति देने का निर्देश भी दिया गया। अंत में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को गैस व ईंधन की सप्लाई चेन की लगातार निगरानी और प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति में आम जनता को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button