बेंगलुरु में डबल मर्डर से सनसनी: रिटायर्ड नेवी कैप्टन और डेंटिस्ट पत्नी की बेटे ने चाकू मारकर हत्या

देहरादून/बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। HAL थाना क्षेत्र के विज्ञान नगर स्थित आदर्श विस्टा अपार्टमेंट में एक रिटायर्ड नेवी कैप्टन और उनकी डेंटिस्ट पत्नी की उनके ही बेटे ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, वारदात सुबह करीब 7:30 बजे विला नंबर-112 में हुई। यहां 60 वर्षीय नवीन चंद्र भट, जो भारतीय नौसेना से रिटायर्ड कैप्टन थे, अपनी 55 वर्षीय पत्नी डॉ. श्यामला भट और बेटे रोहन चंद्र भट (33) के साथ रहते थे। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल दंपति को तुरंत मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुबह करीब 8:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पारिवारिक विवाद बना खून-खराबे की वजह?
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे पारिवारिक कलह की पृष्ठभूमि हो सकती है। आरोपी रोहन पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया जा रहा है और अपना व्यवसाय भी संचालित करता है। हालांकि, घर में लंबे समय से तनाव की स्थिति होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
शिकायत के बाद गिरफ्तारी
मामले में अपार्टमेंट में रहने वाली और मणिपाल अस्पताल से जुड़ी डॉक्टर माधवी नायर की शिकायत पर HAL थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रोहन चंद्र भट को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
मृतक दंपति की एक बेटी अमेरिका में रहती है। पुलिस ने उसे घटना की सूचना दे दी है। उसके भारत लौटने की संभावना है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों व परिजनों से पूछताछ कर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में इस वारदात की चर्चा जोरों पर है।
