Uttarakhandउत्तराखंडदानवीर

मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रसिद्ध पर्वतारोही बछेंद्री पाल ने दिए 10 लाख रुपए

देहरादून। उत्तराखंड की गौरवशाली बेटी और देश की पहली महिला एवरेस्ट विजेता, पद्मभूषण सम्मानित बछेंद्री पाल ने एक बार फिर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 10 लाख रुपए का महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह चेक उनकी ओर से राज्य महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष विनोद उनियाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा।

चेक प्राप्त करने के बाद मुख्यमंत्री ने बछेंद्री पाल के इस उदार योगदान पर गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सहयोग और सेवा की भावना ही समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बछेंद्री पाल जैसी महान हस्तियों द्वारा दिया गया सहयोग न केवल जरूरतमंदों की मदद करता है, बल्कि समाज को भी प्रेरित करता है कि मानवीय संवेदनाओं के साथ आगे आएं और राज्यहित में योगदान दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत कोष के माध्यम से राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं, गंभीर बीमारियों और आपात स्थितियों में जरूरतमंदों के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराती है। ऐसे में बछेंद्री पाल जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों का सहयोग राहत कार्यों को और मजबूत बनाता है।

कार्यक्रम में राज्य महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष विनोद उनियाल ने बताया कि बछेंद्री पाल हमेशा से पहाड़ और यहां के लोगों के लिए गहरी संवेदना रखती हैं। कठिन परिस्थितियों में भी सहायता के लिए आगे आना उनका सदैव से स्वभाव रहा है।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और परिषद के सदस्य भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button