ऋषिकेश के पास हुए भीषण सड़क हादसे में श्रीनगर निवासी सगे भाई-बहन की दुःखद मौत

देहरादून। ऋषिकेश के निकट मालाकुंठी क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में श्रीनगर के भक्तियाना निवासी एक परिवार के भाई-बहन की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दर्दनाक हादसे में राकेश सेमवाल के पुत्र ऋषभ सेमवाल और पुत्री रक्षा सेमवाल की जान चली गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप कार और डंपर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे में कार सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बताया गया कि मृतक रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थीं, जबकि उनके भाई ऋषभ सिंचाई विभाग में एक अवर अभियंता (जेई) के साथ अस्थायी तौर पर कार्य करते थे। मृतकों के पिता राकेश सेमवाल सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बताए जा रहे हैं।
भाई-बहन की एक साथ हुई असमय मौत की खबर से भक्तियाना, श्रीनगर में शोक की लहर है। परिवार को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
