
देहरादून। उत्तराखंड स्थित धारचूला-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक और बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां आदि कैलाश के दर्शन कर धारचूला लौट रहे यात्रियों की गाड़ी करीब 500 मीटर गहरी खड्ड में जा गिरी। इस दुर्घटना में सभी 6 यात्रियों की मौत हो गई। एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को खाई से निकालने का रेस्क्यू किया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर को धारचूला-लिपुलेख मार्ग पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जानकारी के अनुसार, हादसे में वाहन में सवार छह आदि कैलास यात्रियों की मौत हो गई। बताया गया कि धारचूला तहसील मुख्यालय से करीब 23 किमी दूर पांगला तंपा मंदिर के पास यह हादसा हुआ है। सूचना पर स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुट गई थी। गहरी खाई होने के कारण देर शाम तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं लग सका। गौरतलब हैं कि इसी माह आठ अक्तूबर को भी इसी मुख्य मार्ग पर चट्टान का बड़ा हिस्सा चलते वाहन पर टूटकर गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी। एक माह में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है।
दुर्घटना की ऐसी मिली जानकारी
इस दुर्घटना की जानकारी पीछे से आ रहे दूसरे वाहन से पता चली। बताया गया कि यह वाहन दुर्घटना के बाद पहाड़ी से टकराते हुए काली नदी के किनारे तक जा पहुंचा। वहां वाहन के परखच्चे उड़ गए। पीछे से आ रहे दूसरे वाहन में सवार लोगों ने घटना की जानकारी किसी तरह जिला प्रशासन को दी। इसके बाद में पांगला पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पहुंची। बचाव दलों ने स्थानीय लोगों, एसएसबी के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। पिथौरागढ़ के एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि श्रद्धालु आदि कैलास के दर्शन कर लौट रहे थे। दुर्घटना का शिकार दो श्रद्धालु बेंगलुरू तथा दो तेलंगाना के हैं। दो उत्तराखंड के हैं। खाई से शव निकलने को रेस्क्यू किया जा रहा है।