धामी सरकार ने जारी की एक और दायित्वधारियों की सूची, इनको बनाया राज्यमंत्री

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न विभागों और संस्थाओं में नई राजनीतिक नियुक्तियों की एक और सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने भाजपा और पार्टी में शामिल हुए वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। सरकार के इस फैसले को संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ ही अनुभवी नेताओं को प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जोड़ने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

हाल ही में हुई नियुक्तियों में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को उत्तराखंड सेतु आयोग में सलाहकार नियुक्त किया गया है। अग्रवाल लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे और राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।हाल के वर्षों में भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रमुख जोत सिंह बिष्ट को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में उनकी सक्रिय राजनीतिक और सामाजिक भूमिका को देखते हुए इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जोत सिंह बिष्ट लंबे समय से जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं।
इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश महामंत्री अनुराधा वालिया को भी सरकार ने महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। संगठन में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाने वाली वालिया की नियुक्ति को महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इन नियुक्तियों को आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक संतुलन के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व लगातार उन नेताओं को जिम्मेदारियां दे रहा है जिन्होंने संगठन विस्तार, जनसंपर्क और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
सरकार की ओर से जारी सूची के बाद संबंधित नेताओं के समर्थकों में उत्साह का माहौल है। विभिन्न क्षेत्रों से उन्हें बधाई संदेश भी मिल रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नियुक्तियों से सरकार को अनुभवी नेतृत्व का लाभ मिलेगा और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी।
