Uttarakhandउत्तराखंडदावादो टूक

आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना को मिली रफ्तार, जून तक पूरे होंगे सभी लंबित कार्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना को तेज गति देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने कमर कस ली है। बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में परियोजना से जुड़े सभी लंबित कार्यों को जून 2026 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई। साथ ही रजिस्ट्री, निर्माण कार्यों और आधारभूत सुविधाओं के स्थानांतरण की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इस परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभावित परिसंपत्तियों की लंबित रजिस्ट्रियों को लेकर भी चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इसके लिए प्रत्येक बुधवार और शनिवार को विशेष रूप से रजिस्ट्री कार्य संपादित किए जाएंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
एमडीडीए ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया है कि परियोजना के अंतर्गत शेष सभी निर्माण कार्य जून माह तक हर हाल में पूरे किए जाएं। अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आलयम आवासीय योजना की भी समीक्षा
बैठक में आलयम आवासीय योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना के शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरे कर पात्र लाभार्थियों को आवासों का कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

18 करोड़ रुपये से होंगे स्थानांतरण कार्य
परियोजना क्षेत्र में मौजूद विद्युत लाइनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के स्थानांतरण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शासन से स्वीकृत लगभग 18 करोड़ रुपये की धनराशि लोक निर्माण विभाग को जल्द हस्तांतरित की जाए, ताकि संबंधित कार्यों में तेजी लाई जा सके।

प्रतिकर लेने के बाद कब्जा रखने वालों पर सख्त रुख
बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ प्रभावित व्यक्तियों ने प्रतिकर राशि प्राप्त करने के बावजूद अभी तक अपने निर्माण नहीं हटाए हैं। इस पर उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों का वह स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए बलपूर्वक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।

राजधानी को मिलेगी नई पहचान
एमडीडीए का मानना है कि आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना पूरी होने के बाद देहरादून को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त व्यापारिक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी। इससे व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं, सुगम यातायात व्यवस्था और आधुनिक शहरी अवसंरचना का लाभ मिलेगा। बैठक में एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव प्रत्यूष, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार, अधीक्षण अभियंता अतुल गुप्ता, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, लेखपाल नजीर अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button