Uttarakhandउत्तराखंडधार्मिक आयोजनपर्व

कंडार देवता व हरि महाराज की डोलियों के सानिध्य में ऐतिहासिक और पौराणिक माघ मेले का शुभारंभ

देहरादून।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उत्तरकाशी में सुप्रसिद्ध एवं पौराणिक माघ मेला (बाड़ाहाट कू थौलू) का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंडार देवता तथा हरि महाराज की डोलियों के सानिध्य में किया। रामलीला मैदान में दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री ने सप्ताह भर चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन किया।

बाड़ाहाट पट्टी के आराध्य कंडार देवता एवं बाड़ागड्डी क्षेत्र के हरि महाराज की डोलियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण लोक देवताओं की डोलियां और श्रद्धालु माघ मेले में पहुंचे। भागीरथी नदी में पर्व स्नान के उपरांत देवडोलियों ने चमाला की चौंरी पहुंचकर डोली नृत्य एवं पारंपरिक रासो-तांदी नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे बाड़ाहाट थौलू की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिली। उद्घाटन समारोह में घंडियाल देवता, खंडद्वारी देवी, राज-राजेश्वरी देवी, त्रिपुर सुंदरी, नाग देवता, दक्षिण काली सहित अनेक देवडोलियों की उपस्थिति रही। त्रृषिराम शिक्षण संस्थान की छात्राओं ने स्वागत गान एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति एवं माघ मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला लोक आस्था का महाकुंभ है, जो उत्तरकाशी की आध्यात्मिक पहचान को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अब फाइलों से निकलकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए विकास एवं पर्यटन के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तरकाशी जनपद में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण किया जा रहा है। 23 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट तथा 46 करोड़ रुपये से पुरोला में उपजिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। सिल्क्यारा टनल का ब्रेकथ्रू हो चुका है, जिससे यमुनोत्री और गंगोत्री के बीच की दूरी लगभग 25 किमी कम होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 13 डिस्ट्रिक्ट–13 डेस्टिनेशन और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। उत्तरकाशी में 12 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि उत्तरकाशी शीर्ष जिलों में शामिल है। रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि देवभूमि की मर्यादा से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने सख्त भू-कानून, दंगा विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किए हैं और 1000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। ऑपरेशन कालनेमी के तहत पाखंडियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि अब तक 27 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से नौकरी मिली है। हाईकोर्ट के निर्णय के बाद 2000 पुलिस भर्तियों के परिणाम घोषित हो चुके हैं और जल्द ही नियुक्तियां दी जाएंगी। सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की गई है। अंकिता भंडारी प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और परिजनों की भावना के अनुरूप सीबीआई जांच के आदेश दिए गए हैं।
काशी विश्वनाथ व शक्ति मंदिर में पूजा, संतों के आशीर्वचनों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान शक्ति मंदिर एवं पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा महान संतों के आशीर्वचनों पर आधारित शिलापट्टों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि संतों का तप और ज्ञान उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर है, जो युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ता है।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button